Amazon Customer
Amazon.in3 Jun 2023
यह एक अच्छी किताब है, लेकिन इस किताब में कुछ भारी गलतियाँ भी हैं, जिसमें सुधार की आवश्यकता है। यह एक अच्छी किताब है, लेकिन इस किताब में कुछ भारी गलतियाँ भी हैं, जिसमें सुधार की आवश्यकता है।
यह किताब बाबा साहब अम्बेडकर के अस्पृश्यता को समाप्त करने के लिए किए गए संघर्ष को बयान करती है। इस किताब से पता चलता है बाबा साहब ने अस्पृश्यता और जातिगत भेदभाव को समाप्त कराने और सामाजिक समानता स्थापित कराने के लिए कितने स्तरों पर संघर्ष किया और अछूतों को मनुष्य होने का अधिकार दिलाने के लिए खुद को कुर्बान कर दिया। इस किताब से यह भी पता चलता है मजदूरों को उनका अधिकार दिलाने में सबसे ज़्यादा संघर्ष बाबा साहब का रहा है। यह एक बेहतरीन किताब है। मेरा मानना है कि सभी को यह किताब पढ़नी चाहिए, लेकिन इस किताब में कुछ भारी गलतियाँ भी हैं, जिसमें सुधार की आवश्यकता है- 1. हिंदी अनुवाद में इस किताब के नाम के साथ छेड़खानी की गई है। किताब का हिंदी नाम है- "भीमराव आंबेडकर- एक जीवनी- जाति-उन्मूलन का संघर्ष एवं विश्लेषण", जबकि Original किताब English में है, जिसका नाम है- "Dr. Ambedkar and Untouchability: Analysing and Fighting Caste". इस किताब के हिंदी नाम में अनुवादक और प्रकाशक ने "एक जीवनी" को अपनी तरफ से जोड़ा है, जो कि गलत है, क्योंकि यह किताब जीवनी है ही नहीं। यह किताब जीवनी की तरह लिखी ही नहीं गई है। जीवनी में जीवन के हर एक पहलू का वर्णन होता है, जबकि इस किताब में ऐसा नहीं है। अनुवादक और प्रकाशक को किताब के नाम में छेड़खानी करने की नौटंकी नहीं करनी चाहिए। 2. इस किताब में बताया गया है कि एक ब्राह्मण शिक्षक ने अम्बेडकर को अपना सरनेम था, जिसके बाद अम्बेडकर के नाम में अम्बेडकर सरनेम जुड़ गया, जो कि एक प्रचलित झूठ है। इस किताब में बाबा साहब के पूर्वजों के गाँव का नाम 'अंबावाडे' लिखा हुआ है, जो कि गलत है; उनके पूर्वजों के गाँव का नाम था- 'आंबडवे'। आंबडवे में बाबा साहब के नाम पर एक स्मारक भी बना हुआ है। बाबा साहब का पहला नाम था- भीमराव रामजी सकपाल। 'सकपाल' उनका जातिसूचक उपनाम था। भीमराव के साथ स्कूल में उनके जाति के कारण बहुत भेदभाव होता था और उन्हें बहुत प्रताड़ना झेलनी पड़ती थी। बाद में उनके पिता ने भीमराव को जातिगत भेदभाव से बचाने के लिए उनके जातिसूचक उपनाम को सकपाल से बदलकर अपने पूर्वजों के पैतृक गाँव आंबडवे के नाम पर आंबडवेकर कर दिया। इस प्रकार बाबा साहब का नया नाम पड़ा- भीमराव रामजी आंबडवेकर। बाबा साहब के पूर्वज आंबडवे के मूलनिवासी थे, जो महाराष्ट्र के रत्नागिरि जिले में स्थित है। चूँकि भीमराव के शिक्षकों को आंबडवेकर का उच्चारण करने में समस्या होती थी, अतः उनके एक शिक्षक ने उनके पिता की सहमति से उच्चारण के सुविधानुसार आंबडवेकर को बदलकर अम्बेडकर कर दिया। इस प्रकार बाबा साहब का आखिरी नाम पड़ा- भीमराव रामजी अम्बेडकर। उनके नाम में अम्बेडकर सरनेम कैसे जुड़ा, इस बात के सबूत के लिए इन तीनों प्रामाणिक वीडिओ को अवश्य देखें- https://youtu.be/w3Mh_QnjA0w https://youtu.be/YpaYk8pijvk https://youtu.be/jil0n27FQc8 3. इस किताब में लिखा है कि आंबेडकर का मानना था कि कश्मीर पाकिस्तान को ही मिलना चाहिए। दर-असल यह सच नहीं है। दर-असल जम्मू और कश्मीर के मुद्दे पर डॉ० अम्बेडकर के अलग विचार थे। जम्मू और कश्मीर के संबंध में अपने विचारों को उन्होंने 27 सितंबर 1951 को अपने त्यागपत्र के स्पष्टीकरण के माध्यम से स्पष्ट किया। डॉ० अम्बेडकर के कैबिनेट से त्यागपत्र का यह स्पष्टीकरण 10 पृष्ठों का है, जो भारत सरकार द्वारा प्रकाशित ‘Dr. Babasaheb Ambedkar: Writings and Speeches’ के Volume 14 के खण्ड 2 में पृष्ठ संख्या 1317 से 1327 तक संकलित है। इसमें बाबा साहब ने जम्मू और कश्मीर को 3 भागों में बाँटने की बात कही है और उसमें से मुसलमान बहुल घाटी में जनमत संग्रह की बात की है। उन्होंने पूरे जम्मू और कश्मीर के समग्र जनमत संग्रह का विरोध किया। वे अपने स्पष्टीकरण में कहते हैं- “हिन्दू और बौद्ध क्षेत्रों को भारत को दे दिया जाये और मुस्लिम क्षेत्र को पाकिस्तान को दे दिया जाये, जैसा कि हमने भारत के मामले में किया। या अगर आपको पसंद है, तो जम्मू और कश्मीर को 3 भागों में विभाजित कर दिया जाये - (1) सीज फायर जोन (2) घाटी (3) जम्मू-लद्दाख। और जनमत संग्रह केवल घाटी में कराया जाये कि वह भारत के साथ रहना चाहता है या पाकिस्तान के साथ या स्वतंत्र। मुझे इस बात का डर है कि प्रस्तावित जनमत संग्रह में, जो कि समग्र जनमत संग्रह है, कश्मीर के हिंदुओं और बौद्धों को उनकी इच्छा के विरुद्ध पाकिस्तान में घसीटे जाने की संभावना है और हमें उन्हीं समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है, जिनका सामना आज हम पूर्वी बंगाल में कर रहे हैं।” बाबा साहब को गलत तरह से प्रस्तुत करना उनके योगदान के साथ धोखा करना है। इसके अलावा इस किताब कहीं-कहीं अनुवाद में और मात्राओं में गलतियाँ हैं। मुझे लगता है कि लेखक को इस किताब में फिर से संशोधन करने की आवश्यकता है, क्योंकि यह किताब बाबा साहब के बारे में कई भ्रांतियाँ फैला रही है। Read more Read less










