Raj kumar
Amazon.in17 Jul 2024
अच्छा संग्रह अच्छा संग्रह
समीक्षा : परिंदे (कहानी संग्रह) लेखक : निर्मल वर्मा जी प्रकाशक : राजकमल प्रकाशन समूह प्रथम संस्करण : 1958 ___________//___________ निर्मल वर्मा की लिखी दुनिया को पढ़ने और जीने का सफ़र शुरू करने का मन वर्षों से रहा और ये प्रतीक्षा अब जाकर समाप्त हुई है जब उनका पहला कहानी संग्रह "परिंदे" पढ़कर ख़त्म हुआ है। ये संग्रह 1958 में पहली बार राजकमल प्रकाशन से प्रकाशित हुआ था जिसमें कुल मिलाकर 7 कहानियां है जिसे निर्मल वर्मा जी का लेखन उतना ही खास बना देता है जितना इनके किरदार है। संग्रह की सभी कहानियां एक दूसरे से काफी अलग और अनूठी है, इनको पढ़ते हुए आप किरदारों के साथ हो लेते है और कहानी कहां जा रही है इस चिंता को छोड़ कर बस बहते है साथ साथ, चाहें फिर वो "डायरी के खेल" में बिट्टो का क़िरदार हो, "परिंदे" में लतिका का किरदार हो या "तीसरा गवाह" में नीरजा का क़िरदार, ये सभी आपके दिमाग से पहले मन में छप जाते है। निर्मल वर्मा जी को पढ़ते हुए उनके लेखन की सबसे कमाल बात जो लगी वो थी उनका अपने क़िरदार के भीतर तक उतर जाना या उनके भीतर चल रही उलझनों को इतनी बारीकी से लिख पाना की पढ़ते हुए आप भी वहां तक पहुंच जाए जैसे सितंबर की शाम कहानी की अंतिम पंक्तियां जहां बच्ची की कहीं बात युवक को याद आती है की " तुम्हारे आगे सारी जिन्दगी पड़ी है! " ये कहानी आपको बैचेन कर देती है। निर्मल वर्मा की बाकी कहानियों में भी मानसिक तनाव और अवसाद को बड़ी बारीकी से लिखा गया है जैसे "माया का मर्म " कहानी में युवक हो या "अंधेरे में" कहानी में बच्चे की मां का क़िरदार इन दोनों ही किरदारों की लिखाई में आपकों उनकी पीड़ा और तड़प साफ नज़र आती है। कहानियों की बात करें तो " सितंबर की शाम " और "अंधेरे में" सबसे ज्यादा देर तक ठहरी रही मेरे जेहन में, मैं घंटो इनके बारे सोचता रहा पढ़ने के बाद भी। इसके अलावा अगर लेखन की बात की जाए तो लेखन बहुत ही सरल और सुंदर लगा कहीं कोई जबरदस्ती का प्रयोग नहीं दिखता, बिल्कुल स्वाभाविक वाक्य विन्यास और उतनी ही सच्ची और सरल भाषा शैली कहानियों में उसकी आत्मा बचाए रखती है। "परिंदे " जो इस कहानी संग्रह की सबसे लंबी कहानी है वो इतना असर नहीं छोड़ पाती आपके जेहन पर जो मुझे इस संग्रह की एक मात्र कमी के तौर पर नज़र आती है। बाकी मेरे लिए निर्मल वर्मा को पढ़ना बहुत सुकून और शांति से भरा अनुभव रहा है जिसे आगे भी जारी रखना है ...... राजकमल प्रकाशन ने नए कवर के साथ निर्मल वर्मा की किताबों को फिर से हमारे सामने रखा है वो इतने सुंदर है की आप इन्हें देखकर फिर से दोबारा पढ़ने का मन बना लेंगे। तो अगर आप भी कुछ अच्छा पढ़ना चाहते है तो ये संग्रह जरूर पढ़ें। - साहित्ययात्री (१३/०७/२०२४) Read more Read less













